Visitors have accessed this post 21 times.
जनपद हाथरस : संचालित निजी आईटीआई संस्थानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर हाथरस प्राइवेट आईटीआई एसोसिएशन द्वारा संयुक्त निदेशक (शिक्षु/प्रशिक्षु), अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तकनीकी शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि जनपद हाथरस में वर्तमान में 53 प्राइवेट आईटीआई संस्थान संचालित हैं, लेकिन विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी समस्याओं के कारण संस्थानों के संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं। एसोसिएशन ने वर्ष 2026 से तृतीय शिफ्ट समाप्त किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लगभग 33 प्रतिशत छात्र तकनीकी प्रशिक्षण से वंचित हो जाएंगे, जिससे सरकार की कौशल विकास योजनाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा इंजीनियरिंग ट्रेडों की फीस 26 हजार रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित किए जाने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा अभी तक नया शासनादेश जारी नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। एसोसिएशन ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने वाली है, ऐसे में शासनादेश जारी होना आवश्यक है। पदाधिकारियों ने सत्र 2023-25 के विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत अब तक टैबलेट एवं स्मार्टफोन उपलब्ध न कराए जाने पर भी नाराजगी जताई। साथ ही NIMS पोर्टल पर स्टाफ डाटा अपडेट करने की समय सीमा दिसंबर 2026 तक बढ़ाने की मांग की गई। ज्ञापन में आईटीआई संस्थानों में अधिक से अधिक प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए सरकार एवं निदेशालय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की मांग भी रखी गई। इसके अतिरिक्त SIDH पोर्टल पर प्रवेश पत्र, मार्कशीट एवं एनटीसी प्रमाण पत्र केवल आईटीआई संस्थानों के माध्यम से उपलब्ध कराने तथा व्यवसायवार एवं सत्रवार “सी” फॉर्म जनरेट करने की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। एसोसिएशन ने शासन एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की कि तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
INPUT – YATENDRA PRATAP











