Visitors have accessed this post 46 times.

हाथरस में पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और प्रेरणादायक चेहरा सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र की मेंदू गेट पुलिस चौकी इंचार्ज यदुनाथ सिंह कौरव ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए पांच जरूरतमंद बच्चों का सरकारी स्कूल में दाखिला कराया।
चौकी इंचार्ज यदुनाथ सिंह कौरव बच्चों को सिर्फ स्कूल तक ही नहीं ले गए, बल्कि उन्हें अपने साथ बाजार लेकर पहुंचे और अपने हाथों से नई स्कूल ड्रेस, जूते, टाई, बेल्ट तथा पढ़ाई का जरूरी सामान भी दिलाया। नई यूनिफॉर्म पहनते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान चौकी इंचार्ज ने बच्चों को गले लगाकर अपनापन दिया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
दाखिले से पहले उन्होंने बच्चों के परिजनों से बातचीत कर सभी जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी कराई, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बन सके। पुलिस के इस मानवीय कदम की इलाके में जमकर सराहना हो रही है।
यदुनाथ सिंह कौरव ने कहा कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की मदद करना केवल पुलिस ही नहीं बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। हाथरस में खाकी का यह संवेदनशील और प्रेरणादायक रूप लोगों के दिलों में खास जगह बना रहा है।
इनपुट : राहुल शर्मा