Visitors have accessed this post 8 times.
कासगंज जिले की नदरई हजारा नहर में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पूरे हाथरस और कासगंज क्षेत्र में शोक की लहर है। सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र के गांव टीकरी कलां के तीन सगे भाई और उनका एक साथी रविवार को नहर में नहाने गए थे, जहां अचानक डूबने से चारों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने दोनों जनपदों के लोगों को झकझोर कर रख दिया। मंगलवार को समाजसेवी एवं सीमेक्स इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर अरुण सिंह अपने सहयोगियों के साथ टीकरी कलां गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अरुण सिंह ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग मृतकों के परिजनों के घर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

INPUT – DEV PRAKASH










