Visitors have accessed this post 61 times.

हाथरस : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र 78 हाथरस के सेक्टर संख्या 40 तिपरस के अंतर्गत बूथ संख्या 427, 428 एवं 429 पर बूथ कमेटियों का गठन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम रम नगला एवं नगला हीरा सिंह में आयोजित किया गया, जिसमें बसपा जिला अध्यक्ष राज कपूर के नेतृत्व में विधानसभा एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान नवगठित बूथ कमेटियों के सदस्यों को संगठन की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। जिला अध्यक्ष राज कपूर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के संगठन में निहित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए और पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाना चाहिए। इस अवसर पर विधानसभा एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी तथा स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन एवं आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर बहुजन समाज पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

INPUT – RAHUL SHARMA