Visitors have accessed this post 17 times.

सिकंदराराऊ : मुंबई के मीरा रोड (ईस्ट) स्थित शिवार गार्डन में रविवार, 14 जून 2026 को ब्राह्मण सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित “सवर्ण महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह” में राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रखर वक्ता पंडित मित्रेश चतुर्वेदी को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज कल्याण, शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। समारोह के दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने पंडित चतुर्वेदी को शॉल, स्मृति चिह्न, पगड़ी और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने समाज में शिक्षा, नैतिक मूल्यों और संस्कारों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का आह्वान किया।महासम्मेलन में मुंबई सहित देश के विभिन्न राज्यों से समाजसेवी, प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सवर्ण समाज को एक मंच पर लाकर उनके सामाजिक उत्थान, अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

पंडित मित्रेश चतुर्वेदी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। शुभचिंतकों ने इसे उनके वर्षों के समर्पण, संघर्ष और निस्वार्थ सामाजिक सेवा का परिणाम बताया। समाज के लोगों का कहना है कि यह सम्मान न केवल पंडित चतुर्वेदी का, बल्कि पूरे विप्र समाज के लिए गर्व का विषय है।

INPUT – NEERAJ GUPTA