Visitors have accessed this post 859 times.
हाथरस : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के संभावित जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने हेलिपैड, मुख्य मंच, पंडाल, वीआईपी एवं आमजन बैठक व्यवस्था, मीडिया दीर्घा, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग तथा प्रवेश और निकास मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता, चिकित्सा सेवाएं, एम्बुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन से पूर्व सभी तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त रहें।
INPUT – RAHUL SHARMA











