Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) की ओर से बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेश के व्यापारियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण और व्यापारियों व आम जनता को राहत देने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी गैस तथा बिजली की बढ़ती लागत ने व्यापार, उद्योग और आम नागरिकों के जीवन पर गंभीर आर्थिक बोझ डाल दिया है। परिवहन लागत बढ़ने के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम लोगों का मासिक बजट भी असंतुलित हो गया है।
व्यापार प्रतिनिधियों ने मांग की कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए। घरेलू एलपीजी गैस पर पर्याप्त सब्सिडी बहाल कर आम जनता को राहत दी जाए। वहीं वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडरों के दाम कम किए जाएं, ताकि छोटे व्यापारी, होटल व्यवसायी और लघु उद्योगों को राहत मिल सके। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में बिजली के बिलों पर लगाए जा रहे 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने तथा परिवहन लागत कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई, जिससे सब्जियों, राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
ज्ञापन में कहा गया कि महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो व्यापार, रोजगार और जनजीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव और अधिक बढ़ सकता है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, युवा महामंत्री पश्चिम संभाग संजीव अग्रवाल, उद्योग मंच के नन्नुमल गुप्ता, जिला महामंत्री उद्योग मंच अनूप अग्रवाल, जिला चेयरमैन कपिल अग्रवाल, नगर अध्यक्ष मनोज बूटियां, नगर महामंत्री मनोज वर्मा, युवा जिला महामंत्री गौरांग अग्रवाल तथा नगर उपाध्यक्ष मनोज वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इनपुट : अमित शर्मा