Visitors have accessed this post 46 times.
हाथरस जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेद प्रकाश ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी), सिकंदराराऊ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति, चिकित्सा व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों का गहन जायजा लिया। सीएचसी सिकंदराराऊ में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया, जिसमें चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकिशोर वर्मा, डेंटल सर्जन डॉ. सिद्धार्थ, ईएमओ डॉ. मनोज कटारा सहित सभी संबंधित कर्मचारी उपस्थित मिले। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिकंदराराऊ का निरीक्षण किया। यहां भी सभी कार्मिक अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध चिकित्सकीय उपकरणों की जानकारी ली और स्टाफ को निर्देशित किया कि उपचार कार्य के लिए आवश्यक सभी उपकरण सीएमएसडी स्टोर से समय पर प्राप्त किए जाएं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और प्रभावी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

INPUT – RAHUL SHARMA











