Visitors have accessed this post 5 times.
हाथरस : उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) के पदाधिकारियों ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों तथा बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार के विरोध में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में संगठन ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से व्यापारियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। पेट्रोल-डीजल और गैस की महंगी कीमतों के कारण परिवहन लागत बढ़ी है, जिससे आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। इसका सीधा असर व्यापार और आम जनता के मासिक बजट पर पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने मांग की कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए, घरेलू एलपीजी गैस पर पर्याप्त सब्सिडी बहाल की जाए तथा वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के दाम घटाकर छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और लघु उद्योगों को राहत दी जाए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को तत्काल वापस लेने और परिवहन लागत कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई। संगठन का कहना है कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापार, रोजगार और जनजीवन पर इसका नकारात्मक प्रभाव और बढ़ सकता है। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, युवा महामंत्री पश्चिम संभाग संजीव अग्रवाल, उद्योग मंच के नन्नूमल गुप्ता, जिला महामंत्री उद्योग मंच अनूप अग्रवाल, जिला चेयरमैन कपिल अग्रवाल, नगर अध्यक्ष मनोज बूटियां, नगर महामंत्री मनोज वर्मा, युवा जिला महामंत्री गौरांग अग्रवाल तथा नगर उपाध्यक्ष मनोज वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA











