Visitors have accessed this post 18 times.
हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिसावर चौकी अंतर्गत सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शादी समारोह से लौट रहे चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखर में जा गिरी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार चारों युवक गांव बिधिपुर के निवासी हैं। वे एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। बिसावर मुख्य मार्ग से गुजरते समय चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक खो गया, जिससे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बने पोखर में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कार के दरवाजे खोलकर सभी चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद पोखर में फंसी कार को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन गहरे पानी और कीचड़ में धंस जाने के कारण शुरुआती कोशिशें सफल नहीं हो सकीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से कार को पोखर से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव बिधिपुर से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे स्थित इस पोखर के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और आवश्यक चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।
INPUT – KANHAIYA LAL











