Visitors have accessed this post 61 times.
हाथरस : स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और चिकित्सालयों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान दो संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। हसायन क्षेत्र स्थित लोट्स हॉस्पिटल में निरीक्षण के समय चिकित्सक अनुपस्थित मिले। अस्पताल का पंजीकरण 30 अप्रैल 2026 को समाप्त हो चुका था और नवीनीकरण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। विभाग ने वैध पंजीकरण और चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित होने तक अस्पताल का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार सिकंद्राराऊ रोड, सलेमपुर स्थित माता रानी क्लीनिक में भी चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। क्लीनिक का स्टाफ पंजीकरण एवं चिकित्सक की शैक्षिक योग्यता से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को नोटिस जारी कर 10 जुलाई 2026 को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने कहा कि जिले में बिना वैध पंजीकरण और निर्धारित मानकों के संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – RAHUL SHARMA











