Visitors have accessed this post 130 times.

सिकंदराराऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिकंदराराऊ मंडल के अध्यक्ष मुकुल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथरस लोकसभा सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि को ज्ञापन सौंपकर सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन पर बंद पड़ी टिकट आरक्षण (रिजर्वेशन) सुविधा को दोबारा शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि कासगंज और हाथरस के बीच लगभग 60 किलोमीटर के रेल मार्ग पर स्थित सिकंदराराऊ एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री विभिन्न लंबी दूरी की ट्रेनों से यात्रा करते हैं। बावजूद इसके, पिछले करीब दो वर्षों से स्टेशन का टिकट आरक्षण केंद्र बंद होने के कारण यात्रियों को रिजर्वेशन कराने के लिए अलीगढ़, हाथरस या कासगंज जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का अतिरिक्त समय और धन खर्च होता है तथा उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकुल कुमार गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि से जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर सिकंदराराऊ रेलवे स्टेशन पर टिकट आरक्षण सुविधा को जल्द से जल्द पुनः शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।ज्ञापन पर मंडल अध्यक्ष मुकुल कुमार गुप्ता के अलावा पसूरज वार्ष्णेय, निर्मल दास, प्रवीण वार्ष्णेय, बृजमोहन गुप्ता, कमल नयन वार्ष्णेय, किशनवीर यादव, विपिन लाल, नीलम माहेश्वरी, कमलेश शर्मा, अभितेश राजाजी, वैभव वार्ष्णेय, नितिन पुंधीर, लोकेश जादौन, देवेंद्र सविता, प्रिन्स ठाकुर सहित भाजपा के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर मौजूद रहे।

INPUT – NEERAJ GUPTA