Visitors have accessed this post 152 times.

हाथरस : आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हाथरस में कांग्रेस संगठन को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त मासिक बैठक के दौरान बसपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रहे राय साहब ने अपने करीब 50 समर्थकों के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी नेताओं ने सभी नवागंतुकों का पटका पहनाकर स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने की। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ गठन, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। राय साहब ने कहा कि वे राहुल गांधी की जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे पहले बहुजन समाज पार्टी से जुड़े रहे हैं और हाल ही में आज़ाद समाज पार्टी में लोकसभा प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग की आवाज़ उठाने वाली पार्टी है और विभिन्न दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं का पार्टी में शामिल होना कांग्रेस की नीतियों पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से हाथरस में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी। बैठक में मथुरा के कोऑर्डिनेटर प्रकाश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, पूर्व विधायक प्रत्याशी मथुरा प्रसाद कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA