Visitors have accessed this post 55 times.
हाथरस : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) द्वारा गांधी पार्क तिराहा पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रध्वज फहराकर देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बीके शांता बहन एवं एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान किया गया तथा उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दोहराया। ब्रह्माकुमारी बीके शांता बहन ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य बलिदानों का परिणाम है। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश देते हुए सभी को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि स्वतंत्रता हमें लाखों देशभक्तों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आजादी को सुरक्षित रखते हुए राष्ट्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। एडीएचआर के जिला अध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में शामिल लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का माहौल बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने भारत की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शैलेंद्र सांवलिया, उपवेश कौशिक, दीपेश अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय, आयुष अग्रवाल, सौरभ सिंघल, गोपाल बाबू, रवि गुप्ता, मुरारी चौधरी, अमन बंसल, शैलेश अग्रवाल, आकाश वार्ष्णेय, अमित गर्ग, सुरेश चंद्र अग्रवाल, भानुप्रकाश वार्ष्णेय, भव्यांश वार्ष्णेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
INPUT – RAHUL SHARMA











