Visitors have accessed this post 6 times.
जनपद हाथरस के ग्राम चिंतापुर में मानव कल्याण सामाजिक संस्था द्वारा आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम और अनाथालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य बेसहारा बुजुर्गों और अनाथ बच्चों को एक ही परिसर में परिवार जैसा आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराना है। परियोजना के तहत बुजुर्गों को बच्चों का स्नेह और बच्चों को बुजुर्गों का मार्गदर्शन व वात्सल्य मिल सकेगा। परियोजना की रूपरेखा, तकनीकी व्यवस्थाओं और कार्ययोजना को लेकर अलीगढ़ स्थित होटल आभा रेजीडेंसी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानव कल्याण सामाजिक संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय ने परियोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम और अनाथालय का निर्माण आधुनिक तकनीक तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के साथ किया जाएगा। होटल आभा रेजीडेंसी के एमडी अखिल गुप्ता ने इस पहल को समाज के लिए महत्वपूर्ण और सराहनीय बताते हुए परियोजना के निर्माण एवं व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। संस्था के संरक्षक किशन कुमार गुप्ता ने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच उपेक्षित बुजुर्गों और अनाथ बच्चों के लिए संयुक्त आश्रय स्थल की आवश्यकता बढ़ रही है। परिसर में बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों के साथ वृद्धजनों के लिए योग एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा परिसर में भव्य मंदिर, सत्संग भवन, योग एवं फिटनेस सेंटर, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र और हरियाली युक्त वातावरण विकसित किया जाएगा। परियोजना को आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिसर में लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित करने की भी योजना है। इससे जरूरतमंद लोगों को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर मिल सकेंगे। बैठक में अमित वार्ष्णेय, मोहित गुप्ता और शुभेंद्र प्रेमी सहित अन्य प्रबुद्धजनों ने परियोजना की सराहना करते हुए समाज के लोगों से इस सेवा कार्य में सहयोग और सहभागिता की अपील की। संस्था के अनुसार, इस प्रकल्प का उद्देश्य केवल रहने की सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बुजुर्गों और बच्चों के बीच भावनात्मक जुड़ाव स्थापित कर उन्हें सम्मान, स्नेह और सुरक्षित पारिवारिक वातावरण प्रदान करना है।
INPUT – AMIT SHARMA











