Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्थापक कन्हैया वार्ष्णेय के आवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय ने की, जबकि संचालन जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय ने किया। बैठक में 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यापारियों की सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक स्थिति को लेकर चर्चा की गई। बैठक में व्यापारियों के हित में विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन के नाम ज्ञापन तैयार किया गया। संगठन ने मांग की कि 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पंजीकृत छोटे और खुदरा व्यापारियों को न्यूनतम 15 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाए। साथ ही व्यापारियों द्वारा दिए गए GST और आयकर के आधार पर पेंशन स्लैब निर्धारित करने की मांग की गई। व्यापारी संगठन ने वरिष्ठ व्यापारियों और उनके परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। इसके अलावा आकस्मिक मृत्यु या दिव्यांगता की स्थिति में व्यापारी दुर्घटना सहायता राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की मांग की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी लंबे समय तक देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देते हैं, इसलिए वृद्धावस्था में उन्हें सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। संगठन ने यह भी मांग की कि चुनावी घोषणापत्रों में व्यापारियों से किए गए वादों को लागू करने के लिए कानूनी जवाबदेही का प्रावधान बनाया जाए। संगठन के अनुसार, जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत मांग-पत्र सौंपेगा। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर तहसील स्तर से प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान और शांतिपूर्ण जनजागरण आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। बैठक में राजीव वार्ष्णेय, विपिन वार्ष्णेय, कन्हैया वार्ष्णेय, जयपाल सिंह चौहान, रविंद्र सिंह, राजेंद्र वार्ष्णेय, नीरज वार्ष्णेय, अंकित वार्ष्णेय और वकील वार्ष्णेय सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं वरिष्ठ व्यापारी मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA