Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर श्यामकुंज स्थित एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं तरफरा रोड स्थित आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता एडवोकेट ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षकों को सर्वोच्च सम्मान देते हुए अपने जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित डीआरबी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य स्वतंत्र कुमार गुप्त ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के चारित्रिक, मानसिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास में भी शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को विकसित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने कक्षा-कक्षों को आकर्षक ढंग से सजाया। विद्यालय के शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने सजावट का अवलोकन किया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा लाए गए केक को काटकर डॉ. राधाकृष्णन का जन्मदिवस मनाया गया। विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर शैलकांता गुप्ता, प्रधानाचार्या पूनम वार्ष्णेय, आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या प्रीति यादव, उप प्रधानाचार्या साजिया रफीक खान सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेखा जादौन ने किया। अंत में संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर शिक्षा एवं संस्कारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

INPUT – AMIT SHARMA