Visitors have accessed this post 51 times.

सासनी : एसबीएस यूनियन स्कूल में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने अपने प्रिय शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा उनके जैसा बनने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने शिक्षकों से जीवन में मिली सीख को साझा किया और उनसे सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने का आशीर्वाद लिया। छात्रों ने विभिन्न भूमिकाओं के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा दिए गए भावुक भाषणों और प्रस्तुतियों ने सभी को भावुक कर दिया। विद्यालय के डायरेक्टर एवं प्रमुख शिक्षाविद डॉ. विकास सिंह ने कहा कि एक अच्छा शिक्षक केवल किताबों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह विद्यार्थियों को उनके भविष्य के प्रति जागरूक कर जीवन को सही दिशा देने और संवारने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और किसी भी राष्ट्र का उत्थान उसकी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के योगदान से जुड़ा होता है। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा वर्ष 1962 से शुरू हुई। शिक्षक दिवस गुरु-शिष्य के बीच आत्मीयता, समर्पण और उपलब्धियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

समारोह के अंत में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया और उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच सम्मान, स्नेह एवं आत्मीयता के भाव को और मजबूत किया। एसबीएस यूनियन स्कूल सासनी की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

INPUT – DEV PRAKASH DEV