Visitors have accessed this post 3 times.

मुरसान : नमस्ते करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के सिर पर चाकू से हमला कर घायल किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने चार लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मुरसान पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने घायल का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में कराया है। जानकारी के अनुसार, कमरा बाग निवासी रनवीर सिंह शुक्रवार शाम अपने कुछ साथियों के साथ ब्लॉक के निकट किला मार्ग पर बैठे थे। रनवीर सिंह का आरोप है कि इसी दौरान एक परिचित महिला वहां से गुजर रही थी। उन्होंने महिला को नमस्ते किया। आरोप है कि नमस्ते करने की बात से नाराज होकर महिला ने अपने साथ मौजूद चार युवकों के साथ मिलकर रनवीर सिंह से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से रनवीर सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद रनवीर सिंह मुरसान कोतवाली पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण और उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में कराया। मुरसान कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों और विवाद के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

INPUT – VIRENDRA SHARMA