Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस। आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की धीमी प्रगति को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार, 09 सितम्बर 2026 को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं आयुष्मान नोडल डॉ. मधुर कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन पर आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि ब्लॉक हसायन की आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति जनपद के सभी विकासखण्डों में सबसे निम्नतम स्तर पर है। क्षेत्रवार समीक्षा में भी कई स्वास्थ्यकर्मियों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई।
कम प्रगति मिलने पर ब्लॉक के पांच सीएचओ—जय चौधरी, प्रिया वार्ष्णेय, श्याम बिहारी यादव, दिवाकर भारद्वाज एवं गजानन्द जागीड—को नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही पांच एएनएम—तरूणा कुमारी, दीप्ती सैंगर, हेमलता कुमारी, प्रीती कुमारी एवं रीता कुमारी—को भी नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत पोरा, धुबई, नगमिया पट्टी देवरी, अण्डौली, बसई बावस, नगला पं. देवरी, गिरधरपुर, कानऊ, बाड़ी एवं बकायन में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति निम्नतम पाए जाने पर संबंधित आशाओं को भी नोटिस जारी किया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन के अधीक्षक ने संबंधित सीएचओ, एएनएम और आशाओं को तीन दिवस का समय देते हुए आयुष्मान कार्ड निर्माण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं, जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी विकासखण्डों में विशेष आयुष्मान कार्ड कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान की प्रतिदिन समीक्षा जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार तक आयुष्मान योजना का लाभ पहुंचाना है।









