Visitors have accessed this post 104 times.
हाथरस। सदर कोतवाली क्षेत्र के गौशाला रोड स्थित MTC कपड़े वालों के शोरूम और उसकी ऊपरी मंजिल पर संचालित रेडीमेड कपड़ा फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।

बताया जा रहा है कि आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और मशीनरी मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, कपड़ों और मशीनरी के जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं।
घटनास्थल के आसपास रास्ता संकरा होने और आग की तेज लपटों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दमकल कर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। वहीं, घनी आबादी वाले इलाके में आग लगने से आसपास के लोगों में भी चिंता बनी रही।
फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी है। गनीमत रही कि अभी तक किसी व्यक्ति के हताहत होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। आग किन कारणों से लगी, इसका पता अभी नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। आग बुझने के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन किए जाने की उम्मीद है।









