Visitors have accessed this post 153 times.

हाथरस : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर बैंकिंग क्षेत्र के सात प्रमुख संगठनों की ओर से शुक्रवार को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आयोजन किया गया। हड़ताल के समर्थन में हाथरस में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ रोड के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान बैंककर्मियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने मुख्य रूप से 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और PLI में भेदभाव समाप्त करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं और इनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वक्ताओं के अनुसार, 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और चार अधिकारी संगठनों के बीच हुए समझौता ज्ञापन में लंबित मुद्दों के समाधान के लिए समय-सीमा निर्धारित करने की बात कही गई थी। इनमें 5-दिवसीय बैंकिंग, विनियमित कार्य घंटे, सभी बैंककर्मियों के लिए समान PLI, पेंशन अपडेशन और निजी क्षेत्र के बैंकों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनुग्रह राशि समेत अन्य मांगें शामिल हैं। बैंक यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि 5-दिवसीय बैंकिंग की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। उनका कहना है कि वर्ष 2015 में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश की व्यवस्था लागू होने के बाद से पांच-दिवसीय बैंकिंग की मांग लगातार जारी है। यूनियनों के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में प्रतिदिन कार्य अवधि में लगभग 40 मिनट की वृद्धि कर साप्ताहिक कार्य समय को संतुलित किया जा सकता है। वक्ताओं ने यह भी बताया कि 5-दिवसीय बैंकिंग से संबंधित प्रस्ताव IBA की ओर से सरकार को भेजा जा चुका है और इस पर सरकार की अंतिम स्वीकृति अपेक्षित है। इसके अलावा बैंककर्मियों की ओर से राइट टू डिस्कनेक्ट, कार्य-जीवन संतुलन, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और PLI में समानता जैसे मुद्दे भी उठाए गए। सभा को UFBU के जिला सह-संयोजक पुष्पांकर जैन, जिला अध्यक्ष अजय कुमार (UPBEU), उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी एसोसिएशन हाथरस इकाई के अध्यक्ष संजीव विश्नावत, सौरभ राजपूत, SBI अधिकारी यूनियन के मंत्री प्रवीण सिंह, जिला मंत्री विष्णु चौधरी, यूपी बैंक एम्प्लाई यूनियन के जिला मंत्री राजेंद्र सिंह और संयुक्त मंत्री निशांत वार्ष्णेय समेत अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। पदाधिकारियों ने बैंककर्मियों से एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि 5-दिवसीय बैंकिंग, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, PLI में समानता और अन्य लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। संगठनों की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय हड़ताल तथा 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किए जाने की बात कही गई। प्रदर्शन के दौरान डी.सी. गुप्ता, जी.के. शर्मा, अमन शर्मा, श्रीकांत गर्ग, उमा शंकर जैन, चंद्रशेखर, रजत चौधरी, भीकम सिंह, सुशील शर्मा, आकाश परमार, विजय दुबे, रिंकू, संजू चौधरी, रामहरी, अमर सिंह, नरेंद्र कुमार, धनवीर सिंह, हरि कृष्ण, दीपू, अभिषेक चौधरी, बी.पी. अग्रवाल, मांडवी, प्राची, महेश बाबू, रमाकांत, राम, सुभाष, शंकरलाल, जगमोहन, राकेश अग्रवाल, राजेश, करतार सिंह और पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA