Visitors have accessed this post 16 times.

मुरसान : हाथरस-मथुरा रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद एक युवक को छुड़ाने के लिए फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची और बिजनौर से आए युवकों को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की। बिजनौर निवासी आमिर के मुताबिक वह कॉमेडी वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करता है। वीडियो पर अधिक व्यू और फॉलोअर आने के कारण उसने एक वीडियो में अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया था। आरोप है कि इसी नंबर के जरिए कुछ युवकों ने उससे संपर्क किया और एक लाख रुपये के बदले दो लाख रुपये देने का लालच दिया। आमिर के अनुसार, बातचीत के बाद उसे पहले मथुरा और फिर मुरसान बुलाया गया। आमिर अपने तीन अन्य साथियों के साथ बिजनौर से मुरसान पहुंचा। बताया गया कि हाथरस-मथुरा रोड पर पहुंचने के बाद कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी तथा कथित तौर पर पैसे की मांग की। इसी दौरान आमिर ने एक युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि अपने साथी को छुड़ाने के लिए दूसरे पक्ष के एक युवक ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच आरोपी युवक अपने साथी को लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बिजनौर से आए युवकों को कोतवाली लेकर गई, जहां उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की गई। बिजनौर से आए युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें दोगुने पैसे देने का लालच देकर पहले मथुरा और बाद में मुरसान बुलाया गया था। मुरसान पहुंचने पर उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई और पैसे मांगे गए। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और फायरिंग की घटना हुई। मुरसान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ग्रीस चंद्र गौतम ने बताया कि हाथरस-मथुरा रोड पर धोखाधड़ी, मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – VIRENDRA SHARMA