Visitors have accessed this post 356 times.
हाथरस : ब्रज क्षेत्र के ऐतिहासिक लक्खी एवं राजकीय मेला श्रीदाऊजी महाराज के शुभारंभ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बल्देव छठ के अवसर पर 17 सितंबर को मेले का आगाज होगा। मेले का उद्घाटन प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य करेंगी, जबकि मेले में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय कुश्ती दंगल का उद्घाटन पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह करेंगे। करीब 20 दिन तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं अखिल भारतीय कुश्ती दंगल में उत्तर प्रदेश के साथ महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली सहित कई राज्यों के पहलवानों के पहुंचने की संभावना है। पहलवान अखाड़े में अपनी मल्लविद्या और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मेले और दंगल को लेकर जिला प्रशासन तथा आयोजन समिति की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दोनों प्रमुख कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। दाऊजी महाराज मेले में आस्था और परंपरा के साथ अखिल भारतीय कुश्ती दंगल इस बार भी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।
INPUT – RAHUL SHARMA











