Visitors have accessed this post 84 times.
हाथरस शहर में बंदरों के हमले की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। मंगलवार दोपहर बिजली कॉटन मिल के सामने बंदर के अचानक स्कूटी पर झपटने से एक दंपती और उनका मासूम बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में स्कूटी सवार शांतनु सिंह के घुटने में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका ऑपरेशन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर निवासी शांतनु सिंह पुत्र वीरेश कुमार सिंह मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी पत्नी और अबोध बालक के साथ स्कूटी से बाजार जा रहे थे। बिजली कॉटन मिल के सामने अचानक एक बंदर उनकी स्कूटी पर झपटा। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में शांतनु सिंह, उनकी पत्नी और बच्चे को चोटें आईं। परिजनों ने तीनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बंदरों के बढ़ते हमलों पर जताई चिंता घटना को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनीता कुमारी ने चिंता जताते हुए नगर पालिका प्रशासन से बंदरों को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर में बंदरों के हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और कई सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुनीता कुमारी के मुताबिक, लेबर कॉलोनी के पार्क में पहले बंदर पकड़ने का अभियान चलाया गया था, लेकिन इसके बाद नियमित रूप से ऐसा अभियान नहीं चलाया गया। उन्होंने स्कूल, अस्पताल, रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी बंदरों और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान किए जाने की मांग की। संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान चलाने की मांग पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर में बंदरों की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर नियमित अभियान चलाया जाए। साथ ही आवारा पशुओं को लेकर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि बंदरों के हमले जैसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
INPUT – AMIT SHARMA











