Visitors have accessed this post 90 times.
हाथरस : कोतवाली नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक महिला का रास्ते में खोया हुआ पर्स सकुशल बरामद कर लिया। पर्स में रखे ₹8 हजार नकद, सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां और घर की चाबी सहित समस्त सामान महिला को वापस सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, नवीपुर निवासी श्रीमती रश्मि कुशवाह 15 नवंबर को अपने घर से ई-रिक्शा द्वारा रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में नकदी और कीमती आभूषण होने के कारण उन्होंने कोतवाली नगर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार तलाश की। पुलिस टीम के प्रयासों से खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया गया। आवश्यक सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पर्स महिला को सुपुर्द कर दिया गया। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर रश्मि कुशवाह ने हाथरस पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश कुमार शर्मा एवं कोतवाली नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
INPUT – RAHUL SHARMA











