Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं लौह महिला स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आगरा रोड स्थित रवि कुंज के इंदिरा पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद वरिष्ठ महिला शिक्षाविद् एवं पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. राजकुमारी पोद्दार को उनके आवास पर पहुंचकर इंदिरा गांधी का छवि चित्र भेंट कर और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने की, जबकि संचालन ठाकुर कृपेंद्र सिंह चौहान ने किया। मुख्य अतिथि पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य और विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् उषा गुप्ता एवं कवयित्री मीरा दीक्षित रहीं। मुख्य अतिथि चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि इंदिरा गांधी साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रतीक थीं। शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली डॉ. राजकुमारी पोद्दार जैसी महिलाओं का सम्मान करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान, शिक्षा को प्रोत्साहन और सामाजिक सद्भाव ही इंदिरा गांधी के आदर्शों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश को मजबूत नेतृत्व दिया और महिलाओं के आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन की मिसाल पेश की। वहीं शिक्षाविद् उषा गुप्ता ने कहा कि महिला शिक्षा और सम्मान किसी भी समाज की उन्नति का आधार हैं। इस दौरान कवयित्री मीरा दीक्षित ने नारी शक्ति और इंदिरा गांधी को समर्पित काव्य पंक्तियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में पंडित अविनाश चंद पचौरी, राधाकृष्ण शर्मा, कपिल नरूला, मुनि शर्मा, निरंजन लाल, पीयूष अग्निहोत्री, चंद्रकांत, पन्नालाल, अमित कुमार सिंह, मुकेश सिंह, रोहित कुमार, हेमंत कुशवाहा और संजू शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA