Visitors have accessed this post 3033 times.
TV30 INDIA (Input- Vishal Sharma) मुजफ्फरनगर शहर के मोहल्ला आर्यपुरी में बाल सुधार गृह के निकट रेस्टोरेंट में गर्लफेंड के साथ बैठे युवक को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया। इसके बाद युवती के परिजन युवक को सरेबाजार निर्वस्त्र कर पीटते हुए एक किलोमीटर दूर जिला अस्पताल तक ले आए। मामले की सूचना पर पहुंचे युवक के परिजन जिला अस्पताल की इमरजेंसी में युवती के घरवालों से भिड़ गए। इस दौरान वहां पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम एक रेस्टोरेंट में युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बैठा था। इस बात की भनक युवती के परिजनों को लग गई। वहां पहुंचे परिजनों ने रेस्टोरेंट से युवक को बाहर खींच लिया और जमकर मारपीट की। युवती ने पिटाई का विरोध भी किया, लेकिन परिजनों के सामने उसकी एक न चली।
गुस्साए परिजनों ने युवक के कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया और रेस्टोरेंट से एक किलोमीटर दूर जिला अस्पताल तक सरेबाजार पीटते हुए ले गए। अस्पताल तिराहे पर एक दरोगा ने भीड़ से उसे बचाने का प्रयास भी किया। लेकिन अकेले होने के कारण वह भीड़ से युवक को बचा नहीं सका।
इस दौरान मामले सूचना पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और युवती के परिजनों से भिड़ गए। मारपीट के दौरान पहुंची पुलिस ने भीड़ को इमरजेंसी से बाहर कर दिया। घायल युवक व उसके एक साथी को पुलिस कोतवाली ले आई है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक आबकारी मोहल्ला का रहने वाला है।









