Visitors have accessed this post 297 times.

सहपऊ : क्षेत्र के गांव वासवित्ता के एक युवक की शादी को हफ्ता भी नही हुआ था। नवविवाहिता के हाथों की मेंहदी भी फीकी नही हुई थी कि उसकी मांग का सिंदूर बिखर गया। सड़क हादसे में हुई मौत के बाद घर पर आये उसके शव को देखकर उसकी नई नवेली दुल्हन बेहोश हो गई। पूरे गांव में उसकी मौत पर शोक की लहर दौड़ गई। हर किसी को उसके शव के आने का इंतजार था। गौरतलब है कि गांव वासवित्ता निवासी लोकेश बघेल (23) पुत्र सतीश चंद्र बघेल आगरा में एक प्राइवेट एच डी बी बैंक में कार्य करता था। अभी हाल में 02 जुलाई को उसकी शादी हुई थी। वह रोजाना की भांति गुरुवार की शाम को बाइक से घर आ रहा था। जैसे ही वह मुड़ी चौराहे से आगे गांव वास मोहन सहाय के नजदीक पहुँचा तो एक ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। वह घायल होकर रोड पर गिर पड़ा। राहगीरों ने उसे घायल अवस्था में हॉस्पिटल पहुँचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की सूचना पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार की दोपहर को जब पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर पहुँचा तो वहां कोहराम मच गया। नई नवेली दुल्हन पति के शव को देखकर उसके ऊपर बेहोश होकर गिर पड़ी। पड़ोस की महिलाओं ने उसे उठाया और होश में लाने की कोशिश करने लगीं। बड़े गमगीन माहौल में उसका दाह संस्कार कर दिया।

 

INPUT – Akhilesh kumar