Visitors have accessed this post 398 times.

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में आदमखोर कुत्तों का आतंक खत्म नहीं हुआ कि अब आगरा में बंदरों का आतंक शुरू हो गया है। यहां ताजमहल घूमने आए विदेशी पर्यटकों पर मंगलवार को बंदरों ने हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग पर्यटकों को बचाने दौड़े, तब तक बंदरों ने दो विदेशी पर्यटकों को घायल कर दिया था।

घटना मंगलवार सुबह हुई। ताजमहल में पर्यटकों की भीड़ थी। कई विदेशी पर्यटक आगरा की खूबसूरती निहार रहे थे। विदेशी पर्यटकों का एक ग्रुप भी ताजमहल के सामने खड़े होकर तस्वीरें खिंचवा रहा था। तभी यमुना की तरफ से बंदरों का एक झुंड आया और विदेशी पर्यटकों पर हमला बोल दिया।

हमला होते ही विदेशी पर्यटक इधर-उधर भागने लगे। बंदरों ने एक महिला पर्यटक को दबोच लिया। उसे बचाने दौड़े दूसरे विदेशी पर्यटक को भी बंदरों ने काट लिया। इधर शोर सुनकर लोगों की भीड़ बंदरों को भगाने दौड़ी। बड़ी मुश्किल से बंदरों को भगाया गया।

बंदरों ने पर्यटकों के पैर में काटकर घाव किए हैं। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें इंजेक्शन लगाए गए और इलाज किया गया। विदेशी पर्यटक बहुत ज्यादा सहमे हुए हैं।