Visitors have accessed this post 44 times.
हाथरस में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 मई को बागला ब्लड बैंक में एक प्रेरणादायक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की उत्कृष्ट मिसाल पेश की। इस शिविर का संयुक्त रूप से आयोजन सामाजिक संस्थाओं कल्याणी गोधन क्रिएशंस, जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस सहेेली और जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सेवा की भावना को सशक्त बनाना रहा। शिविर में कुल 33 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन को बचाने का सराहनीय कार्य किया। खास बात यह रही कि रक्तदाताओं में युगल जोड़ी, युवा, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। 
इस अवसर पर एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने एक साथ रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य जांच की समुचित व्यवस्था की गई थी और सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करते हुए रक्त संग्रह किया गया।
कल्याणी गोधन क्रिएशंस की डायरेक्टर दीप्ति वार्ष्णेय ने कहा कि “रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।” उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए यह संदेश भी दिया कि “आपका एक छोटा सा कदम, किसी के लिए नई सुबह बन सकता है।” 
पूरे कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और करुणा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यह शिविर समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरा, जिसने यह साबित किया कि “एक बूंद रक्त, कई जिंदगियां बचा सकता है।”
कार्यक्रम में प्रीति वार्ष्णेय (अध्यक्ष), सीमा शर्मा (अध्यक्ष), गुंजन दीक्षित (वाइस प्रेसिडेंट), दीप्ति, मीनाक्षी, नमिता, कल्पना, कुसुम, गुंजन गर्ग, शालिनी, मंजुलता, मधु राज, संगीता, कृष्णा गुप्ता, नवीन, मदन गोपाल, दीपक शर्मा, मोहित, चंदन, संचय, कृष्णा आदि की उपस्थिति रही।









