Visitors have accessed this post 710 times.
सिकंद्राराऊ : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। उप जिलाधिकारी संजय कुमार के कार्यालय में प्राप्त शिकायत के आधार पर जीनत लस्सी एंड टी स्टॉल की लस्सी की गुणवत्ता की जांच कराई गई। शिकायतकर्ता ने लस्सी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की। टीम ने लस्सी का नमूना संग्रहित कर उसे प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर जांच अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि मिलावटखोरी और लापरवाही पर रोक लगाई जा सके। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह हो तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, जिससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

INPUT – NEERAJ GUPTA











