Visitors have accessed this post 165 times.

हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक अपने घर में आयोजित भगवान की जोत और भजन संध्या कार्यक्रम के लिए सामान लेने जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। जानकारी के अनुसार गांव चाचपुर भटेला निवासी विजेंद्र पाल सिंह के घर धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा लालकृष्ण बाइक से सामान लेने सादाबाद की ओर निकला था। बताया जा रहा है कि गोल नगर के पास पहुंचते ही बाइक अचानक असंतुलित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में लालकृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक लालकृष्ण मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी करीब छह वर्ष पहले फिरोजाबाद निवासी निशा के साथ हुई थी। उसके दो छोटी बेटियां हैं। युवक की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA