Visitors have accessed this post 11 times.
सिकंदराराऊ। स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं परशुराम शोभायात्रा के परंपरागत मुख्य आयोजक मित्रेश चतुर्वेदी को रविवार को परशुराम शोभायात्रा में शामिल होने से रोकने के लिए उनके ब्राह्मणपुरी स्थित आवास पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए उनके घर के बाहर निगरानी बढ़ा दी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मित्रेश चतुर्वेदी ने प्रशासनिक कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें परशुराम शोभायात्रा में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन वह समाज के लिए अपने संघर्ष से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “आप कितनी भी ताकत लगा लो, मुझे ब्राह्मण समाज के लिए कार्य करने से नहीं रोक सकते। मेरा जीवन समाज के लिए पूरी तरह समर्पित है और अंतिम सांस तक समाज के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।”
श्री चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सामने सभी तथ्यों को रखा जाएगा और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वह पिछले कई वर्षों से परंपरागत रूप से भगवान परशुराम शोभायात्रा का आयोजन करते आ रहे हैं। भगवान परशुराम के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “अत्याचार सहना भी उतना ही बड़ा पाप है जितना कि अत्याचार करना”, इसलिए सत्य और समाज के सम्मान की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बनाए हुए है और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।









