Visitors have accessed this post 23 times.

सिकंद्राराऊ (हाथरस) : उत्तर प्रदेश पुलिस को डिजिटल और हाईटेक बनाने की दिशा में सिकंद्राराऊ सर्किल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कानून व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने और विवेचना प्रक्रिया को तेज एवं पारदर्शी करने के उद्देश्य से सिकंद्राराऊ सर्किल के विवेचकों को आधुनिक टैबलेट वितरित किए गए। यह पहल पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत की गई।
कोतवाली परिसर सिकंद्राराऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा मौजूद रहे। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी अमित पाठक एवं प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सिकंद्राराऊ सर्किल के विवेचकों को कुल 27 आधुनिक टैबलेट वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल उपकरणों के उपयोग से कागजी कार्यवाही में कमी आएगी और मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जा सकेगी। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक वीरेंद्र सिंह राणा और एएसपी रामानंद कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का दौर है और पुलिस विभाग को आधुनिक संसाधनों से लैस करना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि इन हाईटेक उपकरणों से अपराध नियंत्रण, विवेचना और न्याय प्रक्रिया को नई गति मिलेगी।
पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नई तकनीक के माध्यम से आम जनता को बेहतर, त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

इनपुट : नीरज गुप्ता