Visitors have accessed this post 16 times.
सिकंद्राराऊ : विकास खंड मंगलवार को ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बाल विवाह ब्लॉक टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शुभेंदु गोपाल ने की। इस दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में महिला कल्याण विभाग के विधि सह परिवीक्षा अधिकारी दीपक चौहान ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा उनकी कार्यवाही समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, दत्तक ग्रहण योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष तथा वन स्टॉप सेंटर जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कराना कानूनन अपराध है।

बाल विवाह के दुष्परिणामों, महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक विकास पर पड़ने वाले प्रभावों के संबंध में भी जागरूक किया गया। साथ ही बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 तथा आपातकालीन सेवा 112 पर देने की अपील की गई। बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। बैठक में चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकुल कुमार, सौरभ कुमार सैनी, बेसिक शिक्षा विभाग से संदीप सिंह, आउटरीच कार्यकर्ता कैलाश चंद्र कुशवाह तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

INPUT – NEERAJ GUPTA











