Visitors have accessed this post 14 times.

हाथरस : आईटीसी चौपाल सागर, हाथरस की ओर से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 280 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। “चौपाल सागर के मेधावी सितारे” सम्मान समारोह में सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजकलां केंद्र के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि आज के मेधावी छात्र-छात्राएं ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि आशुकवि अनिल बोहरे ने अपनी हास्य और व्यंग्य रचनाओं से समारोह में उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल आनंदमय बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर चौपाल सागर के सागर इंचार्ज अनुराग शुक्ला, स्टोर इंचार्ज अनूप गुप्ता, सुखप्रीत सिंह, संतोष शर्मा और शुभम दीक्षित ने सभी अतिथियों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

आईटीसी चौपाल सागर द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

INPUT – DEV PRAKASH