Visitors have accessed this post 12 times.
हाथरस : पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुधवार को मुरसान कोतवाली का औचक निरीक्षण कर थाना व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह, प्रभारी निरीक्षक मुरसान तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, मैस एवं थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उन्हें नियमित रूप से अपडेट रखने, शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। एसपी ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति, जनसुनवाई, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, बीट पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही शस्त्रागार की व्यवस्था, माल मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों के रखरखाव, शीघ्र निस्तारण और थाना परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने “यक्ष एप” पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण फीडिंग करने, मुख्यालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और जेल से छूटे अपराधियों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट के मामलों की प्रभावी पैरवी कर दोषियों को समयबद्ध सजा दिलाने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा जनता के साथ बेहतर व्यवहार कर पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के निर्देश दिए।

INPUT – VIRENDRA SHARMA








