Visitors have accessed this post 38 times.

हाथरस : लंबे समय से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने संकेत दिए हैं कि मेडिकल कॉलेज निर्माण का रास्ता जल्द साफ हो सकता है। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए जल्द ही री-टेंडर (पुनः निविदा) की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। शनिवार को भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा ने लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर हाथरस मेडिकल कॉलेज की निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं और मेडिकल शिक्षा की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। मुलाकात के दौरान ब्रजेश पाठक ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि री-टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा ने कहा कि हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिले की वर्षों पुरानी मांग है। मेडिकल कॉलेज बनने से न केवल हाथरस बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हाथरस के लोगों का मेडिकल कॉलेज का सपना जल्द साकार होगा। गौरतलब है कि यतेन्द्र शर्मा इससे पहले भी सासनी तहसील में सीओ सर्किल की स्थापना की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से मुलाकात कर चुके हैं।

INPUT – RAHUL SHARMA