Visitors have accessed this post 142 times.

सिकंदराराऊ : 3 अगस्त। स्वर श्री कवि कुंवर पाल शर्मा ‘कुंवर’ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कुंवर विमल साहित्य मंच के तत्वावधान में सीपीएस डिग्री कॉलेज में एक भव्य विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। साहित्य, हास्य, व्यंग्य और भावपूर्ण काव्य प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कवियों और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भद्रपाल सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन देवेंद्र दीक्षित ‘शूल’ और डॉ. उपेंद्र झा ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि धीरज पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि जयपाल सिंह चौहान एवं कृष्ण कुमार राघव रहे। अतिथियों का स्वागत संयोजक प्रमोद विषधर, प्रभात शर्मा, राजेंद्र शर्मा, श्रेयश शर्मा एवं वैष्णव शर्मा ने शॉल, स्मृति चिन्ह और पुष्पमालाएं भेंट कर किया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ मथुरा की कवयित्री रेणु उपाध्याय ने मां शारदे की वंदना से किया। उनकी भावपूर्ण कविता “ज़रा मां-बाप से पूछो, बड़े कैसे हुए हो तुम…” ने उपस्थित श्रोताओं को भावुक कर दिया। इसके बाद वृंदावन से आए मोहन मोही ने श्रीधाम वृंदावन की महिमा का काव्यमय वर्णन प्रस्तुत किया, जबकि भरतपुर के जयकुमार ‘जय’ ने पैरोडी और पिता पर आधारित रचना सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। वरिष्ठ कवि महेश मंजुल ने समसामयिक विषयों पर तीखा व्यंग्य प्रस्तुत कर सभागार को ठहाकों से गूंजा दिया। वहीं गीतकार अभय सिंह ‘अभय’ ने अपने मधुर गीतों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। हाथरस के डॉ. उपेंद्र झा ने पिता के महत्व पर आधारित मार्मिक कविता सुनाकर खूब सराहना प्राप्त की। संयोजक प्रमोद विषधर ने अपने हास्य-व्यंग्य से कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। पीलीभीत के वरिष्ठ गीतकार अविनाश चंद्र मिश्र ने साहित्यिक गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जबकि संभल से आए अतुल शर्मा ने हास्य-व्यंग्य के माध्यम से दर्शकों को खूब हंसाया। वरिष्ठ हास्य-व्यंग्यकार देवेंद्र दीक्षित ‘शूल’ की प्रस्तुति से प्रभावित होकर श्रोताओं ने उन्हें मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। कृष्णमुरारीलाल मानव ने छंदों की शानदार प्रस्तुति देकर साहित्य प्रेमियों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में सभी कवियों और अतिथियों का स्वागत डॉ. शरीफ अली, पं. ओमपाल शर्मा, कुमुदकांत गर्ग, यतेंद्र शर्मा ‘पप्पू’, संतोष शर्मा, रामवीर सिंह यादव, हनीश लेखपाल, रामकिशोर शर्मा, शौर्य दीक्षित, सतेंद्र भारद्वाज, शालिनी गर्ग, साधना शर्मा, अंजली शर्मा, तान्या पाठक, सिया शर्मा, ब्रजेश पाठक (एडवोकेट), रामबाबू शास्त्री, नीरज गोस्वामी, सोनू शर्मा, कुमार संभव और वैभव शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने किया। देर रात तक चले इस विराट कवि सम्मेलन में काव्य, गीत, हास्य और व्यंग्य का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रत्येक प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कवियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, साहित्यकारों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ।

INPUT – NEERAJ GUPTA