Visitors have accessed this post 59 times.

सिकंदराराऊ : कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शासन के निर्देशों के अनुरूप क्षेत्र में कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मार्गों और सेवा शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान ने कासगंज रोड स्थित कांवड़ सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में पेयजल, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आयोजकों और कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने पंत चौराहा स्थित कांवड़ शिविर पहुंचकर शिवभक्तों की सेवा भी की। निरीक्षण के दौरान प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष नरेश चतुर्वेदी, विनोद कुमार, कृष्ण कांत कौशिक, मनोज सिंह, सत्यपाल बघेल, अशोक यादव और विनोद पीटीआई सहित कई लोग मौजूद रहे। विकास खंड एवं तहसील प्रशासन द्वारा संचालित शिविरों में कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। पंत चौराहा और कासगंज रोड स्थित शिविरों में कांवड़ियों के लिए स्वच्छ पेयजल, मेडिकल किट, स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, विश्राम तथा भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं, उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान और क्षेत्राधिकारी लगातार कांवड़ मार्गों एवं सेवा शिविरों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने और कांवड़ियों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

INPUT – NEERAJ GUPTA