Visitors have accessed this post 66 times.

हाथरस जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, एक अवैध 315 बोर तमंचा तथा जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान किला क्षेत्र में अखाड़े वाले रास्ते स्थित शिव मंदिर के पास तीन संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुन्दर, अब्दुल और विशाल उर्फ हीरो के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की गई बाइकों को बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। बरामद मोटरसाइकिलों में एक बुलेट बाइक भी शामिल है, जिसके बारे में आरोपियों ने बताया कि उसे करीब एक सप्ताह पूर्व मुरसान गेट क्षेत्र से चोरी किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र राघव के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

INPUT – RAHUL SHARMA