Visitors have accessed this post 106 times.

हाथरस : 24 अगस्त 2026 बैंकिंग क्षेत्र की लंबित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने केंद्र सरकार से 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, प्रस्तावित Performance Linked Incentive (PLI) योजना को वापस लेने और अन्य लंबित मांगों का द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से समाधान करने की मांग की है। UFBU के अनुसार 8 मार्च 2024 को 12वें द्विपक्षीय वेतन समझौते और 9वें संयुक्त नोट के तहत 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी। प्रस्ताव के तहत सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य के बदले शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की व्यवस्था की जानी थी। यूनियन का कहना है कि सरकार को अनुशंसा भेजे जाने के बावजूद इस पर अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। PLI योजना को लेकर विरोध UFBU ने सरकार की प्रस्तावित PLI योजना को लेकर भी आपत्ति जताई है। यूनियनों का कहना है कि PLI बैंक के समग्र प्रदर्शन और सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए समान आधार पर होना चाहिए। UFBU के मुताबिक प्रस्तावित व्यवस्था में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर अधिक PLI का प्रावधान है, जबकि अन्य कर्मचारियों और स्केल-I से III तक के अधिकारियों के लिए इसकी सीमा काफी कम रखी गई है। UFBU का आरोप है कि ऐसी व्यवस्था बैंकिंग क्षेत्र में कर्मचारियों के बीच असमानता बढ़ा सकती है। संगठन ने PLI के मुद्दे पर यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के जरिए समाधान की मांग की है। पेंशन और NPS को लेकर भी मांग बैंक कर्मचारी संगठनों ने पेंशन अपडेटेशन एवं सुधार, सभी पेंशनरों के लिए समान DA फार्मूला और NPS के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का विकल्प देने समेत अन्य लंबित मांगों को भी उठाया है।UFBU के आंदोलन का कार्यक्रम UFBU के घोषित कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को देशभर में सामूहिक प्रदर्शन, 28 अगस्त को काला बैज लगाकर विरोध और 1 सितंबर को नई दिल्ली में प्रेस मीट आयोजित की जाएगी। 3 सितंबर को पोस्टर अभियान और 8 सितंबर को बैज पहनकर विरोध किया जाएगा। इसके बाद 11 सितंबर 2026 को अखिल भारतीय हड़ताल का आह्वान किया गया है। 14 से 24 सितंबर तक विभिन्न राज्यों की राजधानियों में धरना, 24 सितंबर को अन्य केंद्रों पर प्रदर्शन तथा 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद 7 और 22 अक्टूबर को प्रदर्शन तथा 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया गया है। UFBU ने अपने घटक संगठनों और बैंक कर्मचारियों से आंदोलन के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया है। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों के वेतन, अवकाश, स्थानांतरण संरक्षण, पदोन्नति और पेंशन जैसी सुविधाएं लंबे समय से चली आ रही सामूहिक सौदेबाजी और संघर्ष का परिणाम हैं।

INPUT – AMIT SHARMA