Visitors have accessed this post 30 times.
हाथरस : निस्वार्थ सेवा संस्थान की ओर से मूक पशुओं की सेवा के लिए शुरू की गई निरंतर सेवा यात्रा 1600वें दिन में पहुंच गई। इस विशेष अवसर पर संस्थान के सदस्यों ने अलीगढ़ रोड स्थित नवग्रह मंदिर की गौशाला में पहुंचकर गायों की सेवा की। इस दौरान गायों को ताजी हरी सब्जियां और मौसमी फल खिलाए गए। सेवा कार्य के लिए संस्थान के सदस्य सुबह एकजुट होकर सब्जी मंडी पहुंचे, जहां से गायों के लिए विभिन्न प्रकार की ताजी हरी सब्जियां और फल खरीदे गए। इसके बाद सभी सदस्य नवग्रह मंदिर की गौशाला पहुंचे और गायों को सब्जियां एवं फल खिलाकर सेवा की। संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि मूक पशु अपनी जरूरतों को शब्दों के माध्यम से व्यक्त नहीं कर सकते। ऐसे में उनकी सेवा और देखभाल करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जीवदया और सेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना ही संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। संस्था के मूक पशु सेवा इंचार्ज सीए प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि मूक पशुओं की सेवा मानवता की सच्ची पहचान है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जीव सेवा में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1600 दिनों तक लगातार सेवा जारी रहना संस्थान के सदस्यों के सामूहिक सहयोग, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि 1600 दिनों की नियमित सेवा पूरी होना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही यह आगे भी इसी तरह निरंतर मूक पशुओं की सेवा करते रहने के संकल्प का प्रतीक है। संस्थान की ओर से भविष्य में भी गौशालाओं में हरा चारा, ताजी सब्जियां, फल और आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, यश वार्ष्णेय, ओम प्रकाश वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA











