Visitors have accessed this post 25 times.
हाथरस : मेला श्री दाऊजी महाराज में 18 सितंबर की रात ब्रजभाषा और साहित्य की काव्यधारा देखने को मिलेगी। मेला पंडाल में रात 9 बजे वरिष्ठ ब्रजभाषा कवि पं. सुरेश चतुर्वेदी की स्मृति में ब्रजभाषा कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संयोजन आशु कवि अनिल बोहरे द्वारा किया जा रहा है। कवि सम्मेलन को लेकर शहर में निमंत्रण अभियान भी चलाया जा रहा है। आशु कवि अनिल बोहरे ने अनूठे और पारंपरिक अंदाज में व्यापारियों तथा आमजन को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। उन्होंने स्वयं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर चंदन का तिलक लगाया, पीले चावल भेंट किए और निमंत्रण पत्र देकर लोगों से कवि सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया। आयोजक अनिल बोहरे के अनुसार, 18 सितंबर का दिन काका हाथरसी के आवागमन दिवस के रूप में भी महत्वपूर्ण है। इसी अवसर को ध्यान में रखते हुए शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक काका हाथरसी को समर्पित विशेष काव्य पाठ आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रात 9 बजे से पं. सुरेश चतुर्वेदी की स्मृति में ब्रजभाषा कवि सम्मेलन होगा। कार्यक्रम में ब्रजभाषा के वरिष्ठ एवं चर्चित कवियों द्वारा काव्य पाठ किया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि ब्रजभाषा केवल साहित्य की भाषा नहीं, बल्कि ब्रज क्षेत्र की संस्कृति, लोक परंपराओं और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को ब्रजभाषा और साहित्यिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कवि सम्मेलन को लेकर व्यापारियों, साहित्य प्रेमियों और आमजन को लगातार निमंत्रण दिया जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से मेला पंडाल पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया है। इस अवसर पर जीवनलाल शर्मा, गाफिल स्वामी सहित अन्य साथी मौजूद रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA











