Visitors have accessed this post 69 times.
सादाबाद : कुरसंडा क्षेत्र के नगला ध्यान निवासी परिवार में बेटे के 12वें जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब केक लेने गए बालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त भी घायल हुआ है। मृतक बालक की पहचान वरुण के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वरुण के पिता गोपाल सिंह आगरा में डायल 112 में तैनात हैं और परिवार के साथ मथुरा की गणेश कॉलोनी में रहते हैं। वरुण का 12वां जन्मदिन होने के कारण घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं। बताया गया कि वरुण अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन का केक लेने गया था। केक लेने के बाद वह अपने एक दोस्त के साथ सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में वरुण और उसका दोस्त घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने वरुण को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। देर रात उपचार के दौरान वरुण की मौत हो गई। वरुण की मौत की सूचना परिवार तक पहुंचते ही जन्मदिन की तैयारियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि वरुण अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन भी है। मृतक वरुण का शव पैतृक गांव नगला ध्यान पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित परिजनों के घर पहुंचे। घटना से गांव में भी शोक का माहौल रहा। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में वरुण का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव नगला ध्यान में किया गया।

INPUT – KANHAIYA LAL











