Visitors have accessed this post 71 times.

सिकंदराराऊ : आगामी दशहरा और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए अवैध विस्फोटक और आतिशबाजी के निर्माण व भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदराराऊ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी स्थित एक मकान पर छापा मारकर कथित रूप से बिना लाइसेंस आतिशबाजी तैयार कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से निर्मित और अधबने पटाखों के साथ बारूद बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौरंगाबाद पूर्वी इलाके में एक मकान में बिना लाइसेंस आतिशबाजी तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निखिल कुमार पुत्र जितेंद्र और समीर पुत्र शिवकुमार, दोनों निवासी नौरंगाबाद पूर्वी, कस्बा एवं थाना सिकंदराराऊ को गिरफ्तार किया। 45.100 किलो सामग्री बरामद पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से कुल 45.100 किलोग्राम आतिशबाजी संबंधी सामग्री बरामद हुई। इसमें 19 किलोग्राम गिल्ली बम, 10.400 किलोग्राम गिल्ली अधबनी एवं बत्ती, 13.700 किलोग्राम गिल्ली बम तथा 2 किलोग्राम बारूद पाउडर शामिल बताया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पटाखा बनाने की सामग्री बाहर से खरीदकर लाई गई थी और मकान में बिना लाइसेंस आतिशबाजी तैयार की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, तैयार पटाखों को आगामी दशहरा और दीपावली के दौरान बिक्री के लिए रखा जा रहा था। विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 668/26 के तहत धारा 5/9ख विस्फोटक अधिनियम, 1884 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी निखिल कुमार के खिलाफ सिकंदराराऊ थाने में मारपीट और धमकी समेत संबंधित धाराओं में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। बरामद सामग्री के संबंध में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

INPUT – NEERAJ GUPTA