Visitors have accessed this post 6 times.
सादाबाद : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के तत्वावधान में बुधवार को सादाबाद इंटर कॉलेज में चाइल्ड हेल्पलाइन एवं बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा तिवारी ने छात्र-छात्राओं को POCSO एक्ट, लैंगिक अपराध और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बताया कि POCSO का पूरा नाम Protection of Children from Sexual Offences Act, 2012 है। इस कानून के तहत 18 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक व्यक्ति को बच्चा माना गया है। उन्होंने बताया कि यह कानून बच्चों को विभिन्न प्रकार के लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को डिजिटल माध्यमों पर सुरक्षित रहने के लिए भी जागरूक किया गया। बताया गया कि वर्तमान समय में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े खतरे केवल घर, स्कूल या सड़क तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इंस्टाग्राम, स्नैपचैट, व्हाट्सऐप, गेमिंग प्लेटफॉर्म और वीडियो कॉल जैसे ऑनलाइन माध्यमों पर भी सामने आ सकते हैं। छात्र-छात्राओं को समझाया गया कि किसी व्यक्ति द्वारा निजी फोटो या वीडियो मांगना, अश्लील सामग्री भेजना, आपत्तिजनक बातचीत के लिए दबाव बनाना या ब्लैकमेल करना गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में बच्चों को घबराने या घटना को छिपाने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। साथ ही आपत्तिजनक सामग्री को आगे शेयर या फॉरवर्ड नहीं करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सीमाएं, भावनात्मक समझ और सुरक्षित व्यवहार के बारे में भी जानकारी दी गई। बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी गलत घटना की स्थिति में उसकी रिपोर्टिंग किस प्रकार की जा सकती है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा तिवारी ने कहा कि POCSO कानून का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि बच्चों को सही जानकारी देकर अपराधों की रोकथाम करना भी है। उन्होंने बच्चों से अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी गलत घटना को छिपाने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राकेश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस से करण चौधरी, उर्मिला देवी, मेवाराम, धर्मवीर सिंह, कपिल गुप्ता, शादाब खान, प्रदीप कुमार गौतम, अधिवक्ता राहुल मित्तल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

INPUT – KANHAIYA LAL










