Visitors have accessed this post 8 times.
हाथरस के गांव लहरा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ की 134वीं जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद सांसद सहित उपस्थित गणमान्यजनों और ग्रामीणों ने स्वतंत्रता सेनानी छेदा लाल मूढ़ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। समारोह के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस त्याग, साहस और समर्पण का परिचय दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके आदर्श आज भी नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद की प्रांत संगठन मंत्री संध्या आर्य, उमाकांत, देवराज, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल और अभिषेक रंजन आर्य सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता चौधरी चंद्रपाल सिंह ने की, जबकि संचालन जगदीश आर्य ने किया। कार्यक्रम का संयोजन प्रवीण उपाध्याय और प्रभाकर शर्मा ने किया।

इस अवसर पर अलीगढ़ से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्य सुरेंद्र शर्मा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन की जिला अध्यक्ष रजनी तोमर सहित क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ के आदर्शों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े गीत, कविताएं और छंद भी प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम में स्वर्गीय छेदा लाल मूढ़ के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाले अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों ने भी सहभागिता की। इससे समारोह में स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों और सेनानियों के योगदान को याद करने का भाव और मजबूत हुआ।

INPUT – AMIT SHARMA











