Visitors have accessed this post 43 times.

हाथरस : रोडीज के मंच पर अपनी प्रतिभा और शानदार स्टंट के दम पर निर्णायकों को खासा प्रभावित करने वाले तथा फिनाले तक का सफर तय करने वाले शैंकी शर्मा उर्फ लोकेश जी का निस्वार्थ सेवा संस्थान के रोटी बैंक पर आगमन हुआ। उन्होंने रोडीज के मंच पर अपने शानदार प्रदर्शन से हाथरस का नाम रोशन किया है। लोकेश जी वर्तमान में मुंबई में स्टंट कलाकार के रूप में कार्यरत हैं और टाइगर श्रॉफ, यश, अल्लू अर्जुन एवं प्रभास जैसे फिल्म जगत के बड़े सितारों के साथ काम कर चुके हैं। वहीं उनके भाई जयंत शर्मा उर्फ गोल्डी भी मुंबई में फिल्म जगत से जुड़े हुए हैं और बड़ी फिल्मों में दृश्य प्रभाव (वीएफएक्स) के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने मार्वल जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े ब्रांड के साथ भी काम किया है। दोनों भाइयों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन से मनोरंजन जगत में हाथरस का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर संस्थान के सदस्यों द्वारा उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया। सदस्यों ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर एवं पटका ओढ़ाकर स्वागत किया। साथ ही संस्थान का प्रतीक चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। संस्थान के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें संस्थान द्वारा विगत कई वर्षों से निरंतर किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि संस्थान जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के उद्देश्य से रोटी बैंक का संचालन कर रहा है। इसके अतिरिक्त रक्तदान, कन्यादान, मूक पशु सेवा, अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार, डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण सहित अनेक सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहा है। शैंकी शर्मा जी ने संस्थान द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों को विस्तार से जाना और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए इस प्रकार निस्वार्थ भाव से निरंतर कार्य करना बेहद सराहनीय एवं प्रेरणादायक है। यह अवसर संस्थान के सभी सदस्यों के लिए विशेष खुशी और गर्व का रहा। हाथरस की ऐसी प्रतिभाएं, जिन्होंने मुंबई के फिल्म जगत में अपनी मेहनत और हुनर से पहचान बनाई है, जब अपने शहर की सामाजिक संस्थाओं के सेवा कार्यों से जुड़ती हैं, तो यह निश्चित रूप से युवाओं के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय बनता है। इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, समन्वयक डॉ. रंगेश शर्मा, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, आलोक अग्रवाल, सुनील कुमार, अभिषेक खंडेलवाल, अंश वार्ष्णेय, प्रिंस गोयल, मोहित यादव एवं शिवम सोनी आदि उपस्थित रहे।

INPUT – BUREAU REPORT